सरिया मार्केट में हादसा: GMOU परिसर का छज्जा गिरा, स्कूटी सवार युवक बाल-बाल बचा

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के सुदामा मार्ग स्थित सरिया मार्केट क्षेत्र में GMOU परिसर का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के दौरान परिसर के बाहर अपनी स्कूटी पर बैठकर मोबाइल चला रहा एक युवक मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता दिखाई दे रही है। फुटेज में एक युवक परिसर के बाहर स्कूटी पर बैठकर मोबाइल चलाता नजर आ रहा है। इसी दौरान अचानक ऊपर बना छज्जा टूटकर नीचे गिर जाता है। छज्जा ठीक उसी जगह गिरा, जहां युवक अपनी स्कूटी पर बैठा हुआ था। हालांकि, युवक मलबे की चपेट में आने से बच गया और उसकी जान सुरक्षित रही।
बुलेट बाइक और मोबाइल शॉप का बोर्ड क्षतिग्रस्त
छज्जा गिरने से परिसर के नीचे खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा दीवार पर लगा मोबाइल शॉप का बोर्ड भी टूट गया। अचानक हुए हादसे से आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद परिसर के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्र में किसी भवन का छज्जा गिरना गंभीर चिंता का विषय है। इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं और दुकानों के बाहर वाहन खड़े रहते हैं। ऐसे में यदि छज्जे का मलबा किसी राहगीर या ग्राहक पर गिर जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।




