गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा, इनोवा कार खाई से नदी में गिरी; चार लोगों के शव बरामद

उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास बृहस्पतिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने के बाद नदी में समा गई। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। चारों के शव नदी किनारे से बरामद कर लिए गए हैं। वाहन में सवार अन्य लोगों के भी नदी में लापता होने की आशंका है। उनकी तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें सर्च अभियान चला रही हैं। वाहन में सवार यात्री गुजरात के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगनानी के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव दलों ने नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की।
रेस्क्यू अभियान के दौरान टीमों को नदी किनारे चार लोगों के शव मिले। इसके बाद शवों को बाहर निकाला गया। हालांकि, हादसे के समय कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। अन्य लोगों के भी नदी में बहने की आशंका को देखते हुए तलाश जारी है।
तेज बहाव और दुर्गम रास्ते से रेस्क्यू में चुनौती
आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने बताया कि इनोवा कार के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमों को मौके पर भेजा गया। अब तक नदी किनारे से चार शव बरामद किए जा चुके हैं। वाहन में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका को देखते हुए सर्च अभियान जारी है। रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही मृतकों और लापता लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि हादसे का स्थान दुर्गम है और नदी का बहाव तेज होने के कारण बचाव अभियान में चुनौतियां आ रही हैं। टीमें नदी के किनारों और आसपास के संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।




