उत्तराखण्ड

देहरादून में 5.47 लाख मतदाताओं को घर-घर दिए जाएंगे नोटिस, विशेष पुनरीक्षण अभियान तेज

देहरादून: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत देहरादून जिले में 5.47 लाख मतदाताओं को घर-घर जाकर व्यक्तिगत नोटिस दिए जाएंगे। यह नोटिस उन मतदाताओं को जारी किए जा रहे हैं, जिनकी जानकारी वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूची से मेल नहीं खाती या जिनका विवरण अपूर्ण पाया गया है।

 

डीएम ने किया अभियान का निरीक्षण

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को अजबपुरकलां पहुंचकर नोटिस वितरण अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासी अरविंद नेगी के घर जाकर देखा कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) किस प्रकार मतदाताओं को नाम और विवरण में पाए गए अंतर की जानकारी दे रहे हैं तथा आवश्यक दस्तावेजों के बारे में समझा रहे हैं।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को सरल, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जाए।

 

मतदाताओं को मिलेगा जानकारी सुधारने का अवसर

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि यह विशेष अभियान मतदाताओं को अपनी जानकारी सही कराने का दूसरा अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि बीएलओ के लिए आसान भाषा में चेकलिस्ट और प्रक्रिया संबंधी दिशानिर्देश तैयार कर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

 

11.90 लाख से अधिक मतदाताओं का हो चुका है सत्यापन

 

14 जुलाई को जारी प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार देहरादून जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की जानकारी का मिलान पूरा किया जा चुका है। शेष मतदाताओं के सत्यापन और विवरण में सुधार के लिए विशेष अभियान जारी है।

 

ऐप पर अपलोड होगी पूरी प्रक्रिया

 

डीएम ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को नोटिस देने के साथ उसकी फोटो निर्वाचन आयोग के ऐप पर अपलोड करेंगे। इससे पूरी प्रक्रिया की निगरानी सुनिश्चित होगी और अभियान में पारदर्शिता बनी रहेगी।

 

उन्होंने सभी निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ अभियान पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सेक्टर अधिकारी डॉ. महेश कुमार, एईआरओ अपर्णा बहुगुणा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button