उत्तराखण्ड

चारधाम यात्रा के लिए एक सप्ताह में 5.18 लाख से अधिक पंजीकरण, केदारनाथ के लिए सबसे ज्यादा श्रद्धालु

चारधाम यात्रा। उत्तराखंड में अगले माह शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होने के एक सप्ताह के भीतर ही 5.18 लाख से अधिक तीर्थयात्री अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। इनमें सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं।

चारधाम यात्रा इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। देश और विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग ने 6 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था शुरू की थी। महज एक सप्ताह में ही पंजीकरण का आंकड़ा पांच लाख से अधिक पहुंच गया है, जिससे इस साल भी यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है।

केदारनाथ के लिए सबसे ज्यादा पंजीकरण

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक केदारनाथ धाम के लिए 1,73,157 तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया है। इसके अलावा बदरीनाथ धाम के लिए 1,52,478, गंगोत्री धाम के लिए 97,622 और यमुनोत्री धाम के लिए 95,606 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।

17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण

फिलहाल यह आंकड़ा केवल ऑनलाइन पंजीकरण का है। 17 अप्रैल से हरिद्वार, ऋषिकेश, नया गांव और हरबर्टपुर में लगभग 50 केंद्रों पर ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू की जाएगी, ताकि बिना ऑनलाइन पंजीकरण वाले श्रद्धालु भी आसानी से यात्रा में शामिल हो सकें।

पिछले साल बना था रिकॉर्ड

पिछले वर्ष चारधाम यात्रा के लिए करीब 70 लाख तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि चारों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगभग 49 लाख रही थी।

यात्रा की तैयारियां तेज

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष भी चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश विभागों को दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button