उत्तराखण्डक्राइम

ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत कार्रवाई, ज्वालापुर में फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे रह रही एक बांग्लादेशी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला के कब्जे से बांग्लादेशी पासपोर्ट, नेशनल आईडी और कई फर्जी भारतीय दस्तावेज बरामद किए गए हैं। मामले में दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाले एक दिव्यांग आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया है।

पुलिस कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ज्वालापुर पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। बुधवार को वैष्णवी एन्क्लेव, रामानंद कॉलेज के पास सत्यापन अभियान के दौरान संदिग्ध महिला को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने नाम बदलकर रहने की बात स्वीकार की।

बांग्लादेश की रहने वाली है आरोपी

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला का असली नाम सहेला बेगम है, जो बांग्लादेश के कुमीला क्षेत्र की निवासी है। वर्ष 2023 में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए श्यामदास नामक व्यक्ति के कहने पर वह भारत आई थी। वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद वह अवैध रूप से पहले दिल्ली और बाद में हरिद्वार में रह रही थी।

तैयार कराए फर्जी आधार, पैन और पासपोर्ट

हरिद्वार पहुंचने के बाद आरोपित ने अपने साथी श्यामदास की मदद से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट और मैरिज सर्टिफिकेट जैसे दस्तावेज फर्जी तरीके से तैयार करा लिए। पुलिस ने श्यामदास को भी गिरफ्तार कर लिया है, जो बिलासपुर (छत्तीसगढ़) का निवासी बताया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button