उत्तराखण्ड

राहुल गांधी ने वीडियो कॉल पर की अंकिता भंडारी के परिजनों से बातचीत, मिलने का दिया निमंत्रण

पौड़ी गढ़वाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को अंकिता भंडारी के माता-पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की। खराब मौसम के कारण उनका पौड़ी गढ़वाल दौरा रद्द हो गया, जिसके चलते प्रस्तावित मुलाकात नहीं हो सकी।

 

राहुल गांधी दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे थे और उनका अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल तथा देहरादून में कार्यक्रम निर्धारित था। हालांकि मौसम खराब होने के कारण उनका विमान पंतनगर से आगे नहीं जा सका और उन्हें दिल्ली वापस लौटना पड़ा। इसके चलते पौड़ी के कंडोलिया मैदान में आयोजित कार्यक्रम भी रद्द करना पड़ा, जहां उन्हें सुनने और देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।

 

दौरा निरस्त होने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की और कहा कि मौसम की वजह से वह लोगों के बीच नहीं पहुंच सके। उन्होंने जल्द ही उत्तराखंड का दौरा करने का भरोसा भी दिलाया। इसके बाद उन्होंने वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित करते हुए राज्य और देश के विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।

 

इसी दौरान कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल की पहल पर राहुल गांधी की वीडियो कॉल के जरिए अंकिता भंडारी के माता-पिता से बातचीत कराई गई। जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी के पौड़ी दौरे के दौरान अंकिता के परिजनों की उनसे मुलाकात प्रस्तावित थी, लेकिन मौसम खराब होने से यह संभव नहीं हो पाया।

 

बातचीत के दौरान अंकिता भंडारी के माता-पिता ने राहुल गांधी से मिलने की इच्छा जताई। इस पर राहुल गांधी ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि वे जब भी चाहें उनसे मुलाकात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गणेश गोदियाल के माध्यम से समय निर्धारित कर मुलाकात की जा सकती है।

 

राहुल गांधी ने कहा कि उनके घर के दरवाजे हमेशा खुले हैं और अंकिता भंडारी के माता-पिता अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी उनसे मिलने आ सकते हैं। इस बातचीत को लेकर कांग्रेस नेताओं ने इसे संवेदनशील पहल बताते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार उत्तराखंड के जनसरोकारों और लोगों की समस्याओं के प्रति गंभीर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button