थानो मस्जिद सीलिंग के विरोध में मुस्लिम समुदाय का डीएम कार्यालय कूच, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

देहरादून। थानो क्षेत्र में स्थित जामा मस्जिद के भूतल को सील किए जाने के विरोध में शुक्रवार को मुस्लिम सेवा संगठन के आह्वान पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जिलाधिकारी कार्यालय की ओर कूच करने के लिए एकत्र हुए। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए और एसटीएफ कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

मुस्लिम सेवा संगठन का आरोप है कि मस्जिद के सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद होने के बावजूद प्रशासन ने मस्जिद को सील कर दिया। संगठन का कहना है कि कार्रवाई अन्यायपूर्ण है और इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि देहरादून के थानो क्षेत्र स्थित ग्राम कंडोगल-कुडियाल गांव की जामा मस्जिद और मदरसे के भूतल को हाल ही में एमडीडीए ने पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में सील किया था। इससे पहले 17 दिसंबर को मस्जिद के प्रथम तल को भी सील किया गया था।
मस्जिद के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर काली सेना, बजरंग दल और स्थानीय लोग लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। इन संगठनों का आरोप है कि मस्जिद उत्तराखंड वक्फ बोर्ड और मदरसा बोर्ड में पंजीकृत नहीं थी। शिकायतों के बाद संबंधित विभागों द्वारा जांच की गई, जिसके आधार पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद काली सेना, बजरंग दल और स्थानीय लोगों ने थानो चौक पर हवन कर प्रशासन के कदम का समर्थन किया। वहीं काली सेना के प्रदेश प्रमुख भूपेश जोशी ने मस्जिद के ध्वस्तीकरण की मांग भी उठाई है।
मौजूदा स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच वार्ता की संभावनाओं पर भी नजर बनी हुई है।




