निर्माणाधीन भीमबली-गरुड़चट्टी मार्ग पर आवाजाही प्रतिबंधित, डीएम ने जारी किए सख्त निर्देश

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने निर्माणाधीन भीमबली-गरुड़चट्टी-केदारनाथ पैदल मार्ग पर तीर्थयात्रियों और आमजन की आवाजाही को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित करने के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन का कहना है कि मार्ग पर निर्माण कार्य जारी होने और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण यह रास्ता फिलहाल सुरक्षित नहीं है।
सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी यात्री को निर्माणाधीन मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन के अनुसार मार्ग पर अभी निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते पत्थर गिरने, भूस्खलन और ढलानों के खिसकने का खतरा बना हुआ है। लगातार बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों की संवेदनशील भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
स्थानीय लोगों ने भी जताई थी चिंता
प्रशासन को स्थानीय व्यापारियों, टेंट संचालकों और अन्य हितधारकों की ओर से भी सुरक्षा संबंधी शिकायतें और सुझाव मिल रहे थे। उन्होंने निर्माणाधीन मार्ग पर यात्रियों की आवाजाही रोकने की मांग की थी। इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जनहित में यह कदम उठाया है।
बैरिकेडिंग और सुरक्षा बल रहेंगे तैनात
डीएम विशाल मिश्रा ने संबंधित विभागों को प्रतिबंधित मार्ग पर मजबूत बैरिकेडिंग लगाने, चेतावनी बोर्ड स्थापित करने और पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। पुलिस और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण संयुक्त रूप से मार्ग की निगरानी करेंगे ताकि कोई भी यात्री प्रतिबंधित रास्ते का उपयोग न कर सके।
प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील
जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल अधिकृत और सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
अधिकृत मार्ग से जारी है यात्रा
प्रशासन ने बताया कि गौरीकुंड-रामबाड़ा-लिनचोली-केदारनाथ पैदल मार्ग से यात्रा सुचारु रूप से जारी है। श्रद्धालुओं को इसी अधिकृत मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है, जबकि निर्माणाधीन भीमबली-गरुड़चट्टी मार्ग पर अगले आदेश तक प्रतिबंध लागू रहेगा।




