दिल्ली अग्निकांड के बाद देहरादून में अलर्ट, 666 भवनों का फायर सेफ्टी ऑडिट; कई प्रतिष्ठानों को नोटिस

देहरादून। दिल्ली में हुए भीषण अग्निकांड के बाद देहरादून में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अग्निशमन विभाग ने शहरभर में फायर सेफ्टी मानकों की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया है, जिसकी दैनिक रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी।
अग्निशमन विभाग के अनुसार जनवरी से मई 2026 के बीच जनपद के विभिन्न भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संस्थानों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया। इस दौरान कुल 666 भवनों और इमारतों का निरीक्षण किया गया। आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में 96, फरवरी में 97, मार्च में 145, अप्रैल में 127 और मई में सर्वाधिक 201 भवनों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर करीब पांच प्रतिशत व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने संबंधित संस्थानों को निर्धारित समय के भीतर आवश्यक सुरक्षा मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अभिनव त्यागी ने बताया कि दिल्ली की घटना के बाद शासन और मुख्यालय स्तर पर फायर सेफ्टी को लेकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में देहरादून में होटल, अस्पताल, स्कूल, कोचिंग सेंटर, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान की डेली रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी, ताकि सुरक्षा मानकों की लगातार निगरानी हो सके। विभाग का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकना और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
सीएफओ ने भवन स्वामियों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे फायर सेफ्टी उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखें और अग्नि सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें।




