70 साल से अधिक उम्र के पूर्व सैनिकों को अब घर बैठे मिलेंगी दवाएं, ECHS की नई सुविधा शुरू

हल्द्वानी। पूर्व सैनिकों और व्हाइट कार्ड धारकों की सुविधा के लिए ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक ने नई पहल शुरू की है। अब 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र पूर्व सैनिकों और व्हाइट कार्ड धारकों को स्थानीय खरीद (लोकल परचेज) के तहत मिलने वाली दवाएं घर पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी।
हल्द्वानी मिलिट्री स्टेशन के कमांडर कर्नल पृथ्वी राज सिंह रावत ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को बार-बार पॉलीक्लिनिक आने में होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है। योजना के तहत डॉक्टर द्वारा निर्धारित स्थानीय खरीद की दवाएं ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की ओर से लाभार्थियों के पते पर पार्सल के माध्यम से भेजी जाएंगी।
इस निशुल्क सुविधा का लाभ लेने के लिए पात्र लाभार्थियों को पॉलीक्लिनिक की फार्मेसी में अपना पूरा डाक पता, नजदीकी लैंडमार्क, पिन कोड और सक्रिय मोबाइल नंबर जमा कराना होगा, ताकि ओटीपी और डिलीवरी संबंधी जानकारी प्राप्त हो सके।
पॉलीक्लिनिक प्रशासन के अनुसार, इस योजना का ट्रायल सफल रहा है और कई वरिष्ठ पूर्व सैनिकों ने इस पहल का स्वागत किया है। प्रारंभिक चरण में भेजी गई दवाओं की खेप सफलतापूर्वक लाभार्थियों तक पहुंची है।
किसी भी सहायता या जानकारी के लिए लाभार्थी फार्मेसी हेल्पडेस्क नंबर 05946-293178 पर संपर्क कर सकते हैं।




