चारधाम यात्रा के बीच बड़ा हादसा: बदरीनाथ हाईवे पर पलटा टेंपो ट्रैवलर, महिला श्रद्धालु की मौत; 17 घायल

चमोली। उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के दौरान शुक्रवार तड़के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जोशीमठ के निकट पैनी क्षेत्र में गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में चालक समेत कुल 18 लोग सवार थे। वाहन बदरीनाथ धाम की ओर जा रहा था, तभी जोशीमठ के पास पैनी क्षेत्र में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना में गाजियाबाद निवासी महिला यात्री आरती की मौत हो गई। वहीं, अन्य 17 यात्रियों को चोटें आई हैं। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिनका चिकित्सकीय निगरानी में इलाज किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में प्रशासन की मदद की। हादसे के बाद पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ज्योर्तिमठ कोतवाल देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि वाहन में कुल 18 यात्री सवार थे, जिनमें एक महिला की मौत हो गई और 17 लोग घायल हुए हैं।
चारधाम यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित यात्रा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।




