उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश से बढ़ी ठंड, गंगोत्री-गोमुख से बदरीनाथ-केदारनाथ तक बिछी सफेद चादर

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज के साथ ठंड बढ़ने लगी है। गोमुख ट्रैक और गंगोत्री के आसपास के क्षेत्रों में तेज बर्फबारी हुई है। वहीं, बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी गुरुवार सुबह बर्फबारी से पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली। मसूरी में बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है और ठिठुरन बढ़ गई है।
गंगोत्री से गोमुख तक बर्फ की सफेद चादर बिछने से पहाड़ों की खूबसूरती और बढ़ गई है। गंगोत्री मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच बर्फबारी ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बर्फ से ढकी वादियों का नजारा लोगों को आकर्षित कर रहा है।
बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी बर्फबारी के बाद मनमोहक दृश्य देखने को मिले। बाबा केदार की नगरी बर्फ की सफेद चादर में लिपटी नजर आई। बर्फबारी के अद्भुत नजारे को देखकर श्रद्धालु उत्साहित दिखाई दिए। कोई बर्फ से ढके धाम की तस्वीरें कैमरे में कैद करता नजर आया, तो कोई सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को संजोता दिखा। हालांकि, बर्फबारी के साथ ही धामों में ठंड भी बढ़ गई है।
मसूरी में बारिश से बढ़ी ठिठुरन, पर्यटन गतिविधियां प्रभावित
पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरुवार सुबह से बारिश होने के कारण तापमान में गिरावट आई है। लगातार बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है और इसका असर शहर की सड़कों से लेकर पर्यटन गतिविधियों तक दिखाई दे रहा है। आमतौर पर पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाली मसूरी में बारिश के कारण रौनक कम नजर आई।
सुबह से हो रही बारिश के चलते लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। ठंड बढ़ने के कारण स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी बाहर निकलने से बचते रहे। शहर घूमने पहुंचे पर्यटक मौसम साफ होने का इंतजार करते दिखाई दिए।
नौ जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के नौ जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं। इसके अलावा दस जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम में आए बदलाव के चलते प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।




