टी-स्टेट के आसपास साफ-सफाई और सुरक्षा को लेकर पहल, स्थानीय लोगों के साथ बनी सहमति

देहरादून: देहरादून कैंट विधानसभा के प्रेमनगर क्षेत्र में टी स्टेट से लगे रिहायशी इलाकों की समस्याओं के निराकरण को लेकर एक सामंजस्य बैठक आयोजित की गई। बैठक भाजपा के वरिष्ठ नेता जोगेंद्र पुंडीर के नेतृत्व में हुई, जिसमें टी स्टेट के मैनेजर नीरज शर्मा, सिक्योरिटी अफसर सूरज थापा, कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष विनोद पंवार और क्षेत्र के सम्मानित लोग मौजूद रहे।
बैठक में टी स्टेट से सटे रिहायशी क्षेत्रों में साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। रिहायशी क्षेत्र से लगी टी स्टेट की जमीन पर नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था करने के साथ-साथ सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर बाउंड्री वॉल बनाने और जहां जरूरत है वहां तारबाड़ लगाने की बात रखी गई।
इसके अलावा कुछ स्थानों पर सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति का आग्रह भी किया गया। टी स्टेट के मैनेजर नीरज शर्मा ने इन सभी कार्यों के लिए सहमति देते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कार्य किए जाने की बात कही। उन्होंने स्थानीय क्षेत्रवासियों से भी सहयोग की अपेक्षा की, जिसे स्थानीय लोगों ने सहर्ष स्वीकार किया।
बैठक में टी स्टेट से लगे रिहायशी क्षेत्रों में कूड़ा-कर्कट और गंदगी की समस्या पर भी सार्थक चर्चा हुई। स्थानीय लोगों से अपील की गई कि टी स्टेट के आसपास या सड़कों के किनारे किसी भी प्रकार का कूड़ा-कर्कट या गंदगी न डाली जाए। इस संबंध में स्थानीय लोगों के सहयोग से एक कमेटी के गठन की बात भी सामने आई।
वहीं कैंटोनमेंट बोर्ड के सहयोग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर सुरक्षा की दृष्टि से कुछ स्थानों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था करने के साथ ही कैमरे लगवाने पर भी सहमति बनी। बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आपसी सहयोग के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर खिलाफ सिंह बिष्ट, हीरा सिंह गोसाईं, सुरेंद्र राठौर, राजेश सेन, सुप्रिया डोभाल सहित अन्य गणमान्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




