उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में करवाचौथ पर बदला मौसम, कई इलाकों में बारिश के आसार; यलो अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में करवाचौथ पर मौसम का मिजाज बदल गया। प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहे, जबकि श्रीनगर और कोटद्वार में बारिश हुई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट आने और ठंडक बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के दस जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की थी। वहीं, शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में तेज वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

कुछ दिनों से मौसम शुष्क

पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप खिलने के कारण दिन के तापमान में वृद्धि हुई है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य बना हुआ है। इसके चलते दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ गया है। हालांकि, चक्रवाती तूफान अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव के आसार हैं।

इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और नैनीताल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने की भी संभावना है।

इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मौसम के संभावित प्रभाव को देखते हुए इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। वहीं, 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button