दिनेशपुर में ‘चमत्कारी’ शुगर दवा का भंडाफोड़, हिरण के सींग और एलोपैथिक दवाइयों से बन रहा था नकली चूर्ण

ऊधमसिंह नगर। जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में सोमवार को कथित ‘चमत्कारी’ शुगर दवा के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है। एलोपैथिक दवाइयों और हिरण के सींग को मिलाकर तैयार चूर्ण को आयुर्वेदिक दवा बताकर बेचा जा रहा था। संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में तैयार माल, एलोपैथिक दवाएं, उपकरण और हिरण के सात सींग बरामद किए हैं। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
सोमवार को पुलिस-प्रशासन, आयुर्वेदिक-यूनानी विभाग, औषधि विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने दिनेशपुर नगर पंचायत कार्यालय के पीछे वार्ड नंबर दो स्थित एक घर में छापा मारा। यहां दो कमरों में करीब 50 कुंतल तैयार और अर्ध-तैयार माल भरा मिला। शुगर की एलोपैथिक दवा पीआईएलजीपीएम-एसआर-2 की सात पेटियां भी बरामद हुईं। एक पेटी में 40 बॉक्स, एक बॉक्स में 20 स्ट्रिप और प्रत्येक स्ट्रिप में 12 टैबलेट पाई गईं। विटामिन और कैल्शियम साल्ट युक्त पीआईएल नैनो दवा भी भारी मात्रा में मिली।
हिरण के सींग पीसकर बनाया जा रहा था ‘शुगर कंट्रोल चूर्ण’
टीम को मौके पर दवा पीसने और मिलाने वाली मशीनें मिलीं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। कई बोरों में खाली पैकेट भी बरामद हुए। आरोप है कि एलोपैथिक दवाओं और हिरण के सींग को पीसकर कथित आयुर्वेदिक शुगर कंट्रोल चूर्ण तैयार किया जा रहा था। पुलिस ने स्वरूप सिंह नामक व्यक्ति को मौके से हिरासत में लिया है।
तस्करी की भी जांच
वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम ने बताया कि बरामद हिरण के सींगों की जांच की जा रही है और तस्करी या शिकार से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।
हजार रुपये में बिकती थी एक पुड़िया
बताया जा रहा है कि दवा की एक पुड़िया एक हजार रुपये तक बेची जाती थी। सोशल मीडिया के जरिए प्रचार किया जाता था और वर्ड ऑफ माउथ के माध्यम से भी मार्केटिंग की जाती थी। दवा की खेप पश्चिम बंगाल, दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक भेजी जाती थी।
चार मुकदमे दर्ज होंगे
एसडीएम ऋचा सिंह ने बताया कि नकली शुगर की दवाइयां बनाने का मामला सामने आया है। एलोपैथिक दवाइयां, चूर्ण और हिरण के सींग बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ वन विभाग, आयुर्वेदिक विभाग और पुलिस की ओर से चार मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। सभी सामान सील कर दिया गया है और दवाइयों की सैंपलिंग कराई जा रही है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है।




