उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में SIR का शेड्यूल बदला, अब 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची; दावे-आपत्तियों के निस्तारण की समयसीमा बढ़ी

देहरादून: उत्तराखंड में चल रही एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग ने बड़ा अपडेट जारी किया है। पहले अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को होना था, लेकिन नोटिस फेज और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण अब इसकी तारीख बढ़ा दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची जारी करने के लिए 17 दिन का अतिरिक्त समय दिया है।

अब दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम समय सीमा 28 सितंबर 2026 कर दी गई है। पहले इसके लिए 11 सितंबर तक का समय निर्धारित था। एसआईआर के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार उत्तराखंड में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन अब 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोग ने उत्तराखंड में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि बढ़ाकर 3 अक्टूबर 2026 कर दी है।

14 जुलाई को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 71,33,785 मतदाता हैं। इनमें से 24,30,387 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। आयोग के अनुसार इनमें से 24,29,524 नोटिस की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 863 नोटिस की सुनवाई अभी बाकी है। इस तरह अब तक 99.96 प्रतिशत नोटिस की सुनवाई पूरी हो चुकी है।

हालांकि, निर्वाचन आयोग के सामने अब फॉर्म 6, फॉर्म 7 और फॉर्म 8 के आवेदनों के निस्तारण की चुनौती बनी हुई है। दावे और आपत्तियों के लिए निर्धारित अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच आयोग को कुल 3,19,309 आवेदन प्राप्त हुए।

इनमें फॉर्म 6 के 1,37,146 आवेदन, फॉर्म 7 के 1,30,382 आवेदन और फॉर्म 8 के 51,781 आवेदन शामिल हैं। प्राप्त कुल आवेदनों में से अब तक 80,239 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 2,39,070 आवेदन अभी अंडर प्रोसेस हैं। यानी कुल प्राप्त आवेदनों में से अभी तक करीब 25 प्रतिशत का ही निस्तारण हो पाया है।

फॉर्म 6 के तहत प्राप्त 1,37,146 आवेदनों में से अब तक 22,567 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 1,14,579 आवेदन अभी कार्रवाई के अधीन हैं।

इसी तरह फॉर्म 7 के कुल 1,30,382 आवेदनों में से 44,132 का निस्तारण हो चुका है, जबकि 86,250 आवेदन पर कार्रवाई जारी है।

वहीं, फॉर्म 8 के तहत आयोग को कुल 51,781 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 13,540 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 38,241 आवेदन अभी कार्रवाई के अधीन हैं।

आवेदनों के बड़ी संख्या में लंबित होने के चलते निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए अतिरिक्त समय दिया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब 28 सितंबर तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा और इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button