उत्तराखण्ड

टीएचडीसी टनल रेस्क्यू में बड़ी सफलता, एक और श्रमिक सुरक्षित बाहर; एक की तलाश जारी

चमोली। हाट-सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान एक और श्रमिक को टनल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया।

अब टनल में एक श्रमिक के लापता होने की जानकारी है, जिसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर संभावित स्थानों पर लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए टनल के भीतर जमा स्लज यानी कीचड़ और मलबे को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही टनल में जमा पानी की निकासी का काम भी जारी है। सक्शन पंप समेत अन्य जरूरी उपकरणों की मदद से पानी और मलबा हटाया जा रहा है, ताकि बचाव दल की आवाजाही आसान हो सके और लापता श्रमिक तक पहुंच बनाई जा सके।

जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन व उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

प्रशासन के अनुसार लापता श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। टनल के भीतर सभी संभावित स्थानों पर बारीकी से सर्च अभियान चलाया जा रहा है और श्रमिक तक पहुंचने के लिए बचाव टीमें हर संभव प्रयास कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button