केदारनाथ धाम के कपाट खुले, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा धाम

रुद्रप्रयाग | विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह 8 बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज उठा। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
सीएम धामी ने की विशेष पूजा
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
51 कुंतल फूलों से सजा धाम
इस वर्ष बाबा केदार के धाम को करीब 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
पंचमुखी डोली का भव्य आगमन
इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार शाम लगभग 4:30 बजे धाम पहुंची। यह डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से रवाना होकर 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप से होकर केदारपुरी पहुंची।
धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। इसके बाद डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
शिवमय हुआ पूरा वातावरण
इस दौरान 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और आईटीबीपी के जवानों की तैनाती की गई थी।
चारधाम यात्रा का शुभारंभ
कपाट खुलने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। देशभर से आए श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में लीन नजर आए।
इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, जिलाधिकारी एवं बीकेटीसी मुख्य कार्य अधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।




