उत्तराखण्ड

कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने करी अपील, भोजन से पहले QR कोड स्कैन कर जांच लें प्रतिष्ठान की जानकारी

हरिद्वार: 30 जुलाई से शुरू होने जा रहे कांवड़ मेले को लेकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने शिवभक्त कांवड़ियों से यात्रा के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु किसी भी होटल, ढाबे या दुकान पर भोजन अथवा पेय पदार्थ ग्रहण करने से पहले वहां उपलब्ध QR कोड स्कैन कर प्रतिष्ठान संचालक की जानकारी अवश्य देख लें, ताकि बाद में किसी प्रकार का विवाद या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

 

रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा भगवान शिव के प्रति आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपरा का प्रतीक है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस दौरान व्रत रखते हैं और सात्विक जीवनशैली का पालन करते हैं। ऐसे में भोजन और पेय पदार्थ ग्रहण करते समय विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जहां QR कोड उपलब्ध हो, वहां उसे स्कैन कर खाते से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है। साथ ही प्रतिष्ठान पर लगे बैनर, धार्मिक प्रतीकों और अन्य उपलब्ध सूचनाओं पर भी ध्यान देना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि पूर्व में ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें कुछ लोगों ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर प्रतिष्ठान संचालित किए और बाद में पहचान सामने आने पर विवाद की स्थिति बनी। ऐसे घटनाक्रमों से बचने के लिए श्रद्धालुओं को पहले ही आवश्यक जानकारी प्राप्त कर लेनी चाहिए, ताकि वे अपनी संतुष्टि के अनुसार निर्णय ले सकें कि संबंधित प्रतिष्ठान से भोजन करना है या नहीं।

 

श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि कांवड़ यात्रा सात्विक और शुद्ध आस्था की यात्रा है। इसलिए यात्रा की पवित्रता बनाए रखने और किसी भी श्रद्धालु की धार्मिक भावनाओं को आहत होने से बचाने के लिए सभी को जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने शिवभक्तों से अफवाहों और उकसावे से दूर रहने तथा पूरी यात्रा के दौरान संयम और अनुशासन बनाए रखने की भी अपील की।

 

इस वर्ष कांवड़ मेले में लगभग पांच करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। देशभर से शिवभक्त हरिद्वार, ऋषिकेश, गंगोत्री और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेने पहुंचेंगे। इसे देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

 

कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव आनंद बर्धन भी कर चुके हैं। वहीं, डीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन ने मेले में तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। साधु-संत भी लगातार श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से यात्रा संपन्न करने की अपील कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button