उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में बढ़ी गर्मी की मार, मैदानी जिलों में येलो अलर्ट; दून में 12वीं तक स्कूल भी हुए बंद

उत्तराखंड मौसम अपडेट। देश के अन्य हिस्सों की तरह उत्तराखंड में भी गर्मी ने तेजी पकड़ ली है। प्रदेशभर में तीखी धूप और तपती हवाओं से लोग परेशान हैं। मैदानी क्षेत्रों के साथ अब पहाड़ों में भी तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मैदानी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून में हीटवेव के चलते कक्षा 12वीं तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं।

रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। अप्रैल माह में यह दूसरा सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले वर्ष 2009 में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

मैदानों में 41 डिग्री पार

रुड़की और हरिद्वार में लगातार दूसरे दिन तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में सड़कें सूनी नजर आईं और बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। पंतनगर में पारा 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रुद्रपुर में तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पहाड़ भी तपे

मुक्तेश्वर में तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। टिहरी में 28.5 डिग्री और पिथौरागढ़ में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। नैनीताल में 30.5 डिग्री सेल्सियस के साथ इस साल का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ। हालांकि कुमाऊं के कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को हल्की बारिश से राहत मिली थी, लेकिन रविवार को फिर गर्मी बढ़ गई।

हीटवेव अलर्ट, स्कूल बंद

देहरादून में हीटवेव को देखते हुए डीएम सविन बंसल ने कक्षा 12वीं तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। स्कूलों और अस्पतालों को बचाव के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मौसम विभाग की चेतावनी

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार, सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश तथा 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button