IMA पासिंग आउट परेड से पहले देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन, IMA क्षेत्र बना जीरो जोन

देहरादून: भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में होने वाली पासिंग आउट परेड (POP) की तैयारियों के चलते देहरादून पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। आगामी 13 जून को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड से पहले रिहर्सल और अन्य कार्यक्रमों को देखते हुए आईएमए क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार 9 जून को सुबह 5 बजे से 10 बजे तक और 11 जून को सुबह 5 बजे से 11:30 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात दबाव के अनुसार व्यवस्था में आवश्यक बदलाव भी किए जा सकते हैं।
इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को रांघड़वाला तिराहे से मिठी बेरी मार्ग होते हुए प्रेमनगर भेजा जाएगा।
प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले वाहनों को प्रेमनगर चौक से दरू चौक, मिठी बेरी और शिमला बाईपास होते हुए निरंजनपुर मंडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
विशेष परिस्थितियों में प्रेमनगर से आने वाले यातायात को एमटी सेक्शन गेट से आईएमए परिसर के अंदर से रांघड़वाला की ओर भेजा जाएगा।
सेलाकुई और भाऊवाला की ओर से आने वाले भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला और नया गांव मार्ग से शहर की ओर भेजा जाएगा।
देहरादून से विकासनगर जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाईपास के माध्यम से धर्मावाला की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस की अपील
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। इससे जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा और पासिंग आउट परेड की तैयारियां भी सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।
आईएमए की पासिंग आउट परेड सेना के सबसे महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक मानी जाती है, जिसमें देश-विदेश के कैडेट सैन्य अधिकारी के रूप में अपनी नई यात्रा शुरू करते हैं।




