उत्तराखंड में दो दिन बारिश के आसार, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 4500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में बारिश के आसार जताए गए हैं। वहीं मैदानी जनपदों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
आज और कल उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
प्रशासन की एडवाइजरी
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। चेतावनी दी गई है कि आकाशीय बिजली गिरने से जान-माल का नुकसान हो सकता है। तेज हवाओं से कच्चे मकानों और असुरक्षित ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।
लोगों से अपील की गई है कि—
खेतों में कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें।
तूफान के दौरान घर के अंदर रहें और खिड़की-दरवाजे बंद रखें।
बिजली से चलने वाले उपकरणों और धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखें।
बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें।
पालतू जानवरों को बाहर न बांधें।
16 मई को कैसा रहेगा मौसम?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 16 मई को भी पर्वतीय जिलों में मौसम बदला हुआ रह सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अलग-अलग स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
विशेष रूप से 4500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। ऐसे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को मौसम अपडेट देखकर ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।




