उत्तराखण्ड

भारी बारिश का असर: चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, कई मार्ग भूस्खलन से बंद

चारधाम यात्रा अपडेट : उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए चारधाम यात्रा को एहतियातन दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। गढ़वाल मंडल आयुक्त ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आज और कल के लिए यात्रा पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

 

भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

 

उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

 

वहीं, राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 2 अगस्त तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।

 

यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील

 

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को नदी-नालों से दूर रहने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

 

प्रशासन का कहना है कि मौसम में सुधार और मार्गों के सुरक्षित होने के बाद ही चारधाम यात्रा को पुनः शुरू किया जाएगा। तब तक यात्रियों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button