उत्तराखण्ड

नशे की जरूरत पूरी करने के लिए बन गए लुटेरे, खुखरी दिखाकर करते थे मोबाइल स्नेचिंग; दो गिरफ्तार

देहरादून: नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कथित ऑटो गैंग का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुखरी दिखाकर नशे के आदी लोगों को डराते-धमकाते थे और उनके मोबाइल व पैसे छीन लेते थे। आरोपियों के कब्जे से दो छीने गए स्मार्टफोन, एक धारदार खुखरी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को नेहरू कॉलोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपी रूपनगर रेलवे पटरी के पास खाली मैदान में ऑटो के साथ खड़े हैं और दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को अपनी ओर आता देखकर ऑटो में बैठे दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक धारदार खुखरी और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

पुलिस ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि बरामद मोबाइल फोन आनंदग्राम और रिस्पना पुल के पास दो नशे के आदी लोगों से खुखरी दिखाकर डराने-धमकाने के बाद छीने गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने खुद भी नशे का आदी होना बताया। पुलिस के मुताबिक, नशे की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मुख्य रूप से नशे के आदी लोगों को निशाना बनाते थे। वे खुखरी दिखाकर उन्हें डराते और धमकाते थे और इसके बाद मोबाइल फोन व पैसे छीन लेते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव (23), निवासी पंचायती शिव मंदिर के पास, लोअर राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून और सुनील उर्फ चक्की (22), निवासी मंगल बस्ती, लोअर राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में मोबाइल स्नेचिंग के मामले में मु0अ0सं0-378/2026, धारा 304(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, अवैध खुखरी बरामद होने के संबंध में मु0अ0सं0-381/2026, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं में छीने गए दो स्मार्टफोन, एक खुखरी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो संख्या UK-07-TE-4872 बरामद किया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र बडोनी, चौकी प्रभारी जोगीवाला, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल मोहित शर्मा शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button