उत्तराखण्ड

मंदिर में दानपात्र चोरी करने पहुंचे दो युवक पकड़े गए, नशे की लत ने बनाया चोर

देहरादून: नशे की जरूरत पूरी करने के लिए दो युवकों ने पटेलनगर क्षेत्र के मानक सिद्ध मंदिर को निशाना बना लिया। दोनों युवक मंदिर में दानपात्र चोरी करने पहुंचे थे, लेकिन चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार होने से पहले ही स्थानीय लोगों ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया दानपात्र बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को कारबारी निवासी जसपाल सिंह चौधरी ने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि दो युवक मानक सिद्ध मंदिर से दानपात्र चोरी कर रहे थे, जिन्हें लोगों ने मौके पर पकड़ लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों सौरभ सिंह थापा और राहुल को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने पहले मंदिर की रैकी की थी। इसके बाद सुनियोजित तरीके से दानपात्र चोरी करने पहुंचे थे। हालांकि, चोरी करने के बाद भागने से पहले ही लोगों ने दोनों को पकड़ लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ सिंह थापा (24), निवासी विष्णुकुंज कॉलोनी, बनियावाला और राहुल (26), निवासी पीपल का पेड़, गोरखपुर, शिमला बाईपास, पटेलनगर के रूप में की है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया दानपात्र बरामद किया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी नया गांव उपनिरीक्षक रफत अली, हेड कांस्टेबल अरुण और कांस्टेबल भीष्म शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button