उत्तराखंड में बारिश और हिमपात का दौर, पहाड़ों में तेज बारिश-आकाशीय बिजली की चेतावनी

देहरादून: उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बीते दो दिनों से वर्षा का दौर जारी है। देहरादून समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। मौसम विभाग का पर्वतीय क्षेत्रों को लेकर किया गया पूर्वानुमान भी सही साबित हुआ है। पंचाचुली में हिमपात हुआ है, जबकि कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है।
नैनीताल में मंगलवार को बादल छाए रहे। यहां झील से 18 इंच पानी की निकासी की गई। पिथौरागढ़ में रात के समय जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हुई, जबकि मंगलवार को हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही। लगातार बारिश के कारण कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग चौथे दिन भी बंद है और चीन सीमा से संपर्क कटा हुआ है। टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर घाट बैंड में पत्थर गिरने से यातायात अभी भी बाधित हो रहा है। जिले में 15 सड़कें बंद हैं।
धारचूला तहसील के ताकुल गांव के मल्ला घट्टाबगड़ तोक में भारी बारिश से दो मकानों पर खतरा पैदा हो गया है। मूंगा देवी और कमला देवी के घर का आंगन पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। आंगन धंसने से अब आवासीय मकान भी इसकी चपेट में आ गया है और कभी भी नुकसान हो सकता है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल सर्वे कर राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
देहरादून में मंगलवार सुबह से रिमझिम बारिश होती रही। दोपहर बाद बारिश थम गई और शाम को धूप निकल आई। वहीं, कुमाऊं के कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई। लगातार वर्षा के बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में अगले कुछ दिन बारिश और बौछारों का दौर बना रह सकता है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में बुधवार से बारिश की गतिविधियां धीमी पड़ने के आसार हैं। मौसम में बदलाव के बीच विशेषकर पर्वतीय मार्गों पर आवाजाही करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है।
चंपावत में मंगलवार को मौसम ठीक रहा और धूप खिली रही। यहां न्यूनतम तापमान 16 और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, अल्मोड़ा में आंशिक बादलों के बीच धूप खिली है। वर्षा के बाद मलबा आने से तीन ग्रामीण सड़कें बंद हैं। अल्मोड़ा में न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।




