उत्तराखण्ड

हरिद्वार के पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या, जंगल में गड्ढे में दबे मिले शव; मुख्य पुजारी फरार

हरिद्वार/लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र स्थित पथरी थाना अंतर्गत पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों साधुओं के शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार है।

जानकारी के अनुसार मंदिर के एक सेवादार ने पुलिस को दो साधुओं के लापता होने और किसी अनहोनी की आशंका की सूचना दी। सूचना मिलते ही पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के समीप जंगल में खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।

पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दफना दिया गया था। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंचे और जांच की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि साधुओं की हत्या कर शवों को गड्ढे में दबाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह व्यक्त किया गया है। घटना के बाद से वह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button