उत्तराखण्ड

टिहरी में लैंडस्लाइड से NH-34 बंद, कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड और बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। टिहरी गढ़वाल के मटियाली नगुण, चिन्यालीसौड़ से पहले लैंडस्लाइड होने से चंबा-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-34 (NH-34) बंद हो गया है। मार्ग को सुचारू करने के लिए संबंधित विभाग की ओर से मलबा हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं स्टेट हाईवे-77 गुजराडा-रानीपोखरी मार्ग पर भी लैंडस्लाइड होने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इसे खोलने के लिए संबंधित विभाग की टीम काम कर रही है।

स्टेट हाईवे-31 देवप्रयाग-गजा-जाजल मोटर मार्ग पर आमपाटा के पास लैंडस्लाइड के कारण मार्ग बाधित हुआ था, जिसे अब यातायात के लिए खोल दिया गया है। हालांकि मार्ग के अन्य स्थानों पर लगातार मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यात्रियों के लिए खतरा बना हुआ है।

टिहरी जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि जिले में ऑरेंज अलर्ट है और पिछले दो दिनों से कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश हो रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह लैंडस्लाइड होने के कारण मार्ग बाधित हो रहे हैं। सड़कें खोलने के लिए जेसीबी मशीनें काम कर रही हैं। इसके अलावा पीएमजीएसवाई की चार सड़कें भी बाधित हैं, जिनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सड़क को पूरी तरह सुचारू करने में समय लगेगा।

जिला प्रशासन ने लोगों से लगातार बारिश और लैंडस्लाइड की संभावना को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। यात्रियों को सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button