उत्तराखण्ड

हरिद्वार के डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह हटाए गए, शिकायतों की जांच को तीन सदस्यीय समिति गठित

हरिद्वार: कार्यों में कथित लापरवाही और शिकायतों के बाद शासन ने हरिद्वार के जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) अतुल प्रताप सिंह को पद से हटा दिया है। शासन ने उन्हें पंचायती राज निदेशालय, देहरादून से संबद्ध कर दिया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।

 

शासन के आदेश के अनुसार हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ललित नारायण मिश्रा को डीपीआरओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बताया जा रहा है कि अतुल प्रताप सिंह के खिलाफ लगातार शिकायतें शासन तक पहुंच रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

 

सूत्रों के अनुसार हरिद्वार के कुछ लोगों द्वारा शासन को शिकायत पत्र भेजे गए थे। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए शासन ने प्रारंभिक स्तर पर उन्हें पद से हटाने का निर्णय लिया। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।

 

गठित जांच समिति में शासन के संयुक्त सचिव ध्रुव मोहन सिंह राणा, पंचायती राज विभाग के संयुक्त निदेशक राजीव कुमार नाथ त्रिपाठी और वित्त नियंत्रक शशि सिंह को शामिल किया गया है। समिति जल्द ही हरिद्वार का दौरा कर शिकायतों की जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।

 

शासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल डीपीआरओ का कार्यभार सीडीओ ललित नारायण मिश्रा संभालेंगे।

 

उम्मीद जताई जा रही है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद हरिद्वार में नए जिला पंचायती राज अधिकारी की नियुक्ति को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button