उत्तराखंड में बारिश का असर: यमुनोत्री और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित, पर्वतीय जिलों में यलो अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर चारधाम यात्रा मार्गों पर साफ दिखाई दे रहा है। भूस्खलन, मलबा और बोल्डर गिरने के कारण यमुनोत्री और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बाधित हो गए हैं। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को राज्य के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी करते हुए यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
कई स्थानों पर बंद हुआ यमुनोत्री हाईवे
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी, जंगलचट्टी, बनास और बाड़िया सहित कई स्थानों पर मलबा और बोल्डर आने से अवरुद्ध हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की टीमें लगातार मार्ग को खोलने में जुटी हुई हैं, ताकि यात्रियों की आवाजाही जल्द बहाल की जा सके।
हेल्गूगाड़ के पास बाधित हुआ गंगोत्री मार्ग
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी हेल्गूगाड़ के पास भूस्खलन के कारण बाधित हो गया है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें।
इन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 8 अगस्त तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है।
तापमान में भी दिखा बदलाव
रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने से उमस और गर्मी बनी रही। देहरादून में सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक 0.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शहर का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




