उत्तराखण्ड

अमित शाह आज देहरादून में करेंगे विशाल जनसभा और पदयात्रा, 1500 करोड़ की योजनाओं की देंगे सौगात

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज, 6 नवंबर को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल पदयात्रा और जनसभा में शामिल होंगे। इसके बाद रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में आयोजित राजकीय समारोह में पहुंचेंगे। गृह मंत्री प्रदेश को 1500 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

सीएम धामी ने परेड ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा

अमित शाह के दौरे को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने गुरुवार को परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों और आयोजन से जुड़े लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परेड ग्राउंड में जुटेंगे 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता

भाजपा की ओर से यह कार्यक्रम ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि देहरादून, ऋषिकेश, देहरादून ग्रामीण और हरिद्वार क्षेत्र से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह दोपहर करीब 12 बजे पदयात्रा और जनसभा में शामिल होंगे।

पुलिस लाइन में उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर

परेड ग्राउंड में कार्यक्रम के बाद गृह मंत्री रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां आयोजित राजकीय समारोह में उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार, अमित शाह इस दौरान 1500 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

सीएम धामी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके अनुसार, राज्य स्थापना दिवस के दृष्टिगत अमित शाह परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे और इसके बाद पुलिस लाइन में राजकीय समारोह में शामिल होंगे।

परेड ग्राउंड के आसपास जीरो जोन, कई मार्गों पर डायवर्जन

गृह मंत्री के दौरे, पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम और धनतेरस की खरीदारी को देखते हुए देहरादून में यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने परेड ग्राउंड के आसपास जीरो जोन घोषित किया है। जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहे और लैंसडाउन चौक तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शहर के कई मार्गों पर डायवर्जन भी लागू किया गया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले यातायात प्लान जरूर देख लें। वीवीआईपी मार्ग और कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश

सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय से तीन घंटे पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जवानों को पहचान पत्र साथ रखने और ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है। इसके अलावा वीवीआईपी क्षेत्र और आसपास ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा।

अमित शाह का यह दौरा राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों के साथ-साथ भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उनके दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button