Crime Newsउत्तराखण्ड

रुद्रपुर में युवती से गैंगरेप का आरोप, अपहरण कर गदरपुर ले गए 3 युवक, केस दर्ज

रुद्रपुर : ऊधम सिंह नगर में शनिवार रात एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने तीन युवकों पर अपहरण कर ले जाने और उसके साथ गलत काम करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

 

रुद्रपुर कोतवाली के सीओ विभव सैनी ने बताया कि पीड़िता सिडकुल की एक कंपनी में काम करती है। शनिवार रात वह अपनी सहेली और दो अन्य युवकों के साथ भूरारानी रोड पर थी। इसी दौरान बाइक पर आए तीन युवकों ने चारों को रोका और जबरन अपने साथ बैठाकर गदरपुर की तरफ ले जाने लगे।

 

रास्ते में दो लोग भाग निकले

पीड़िता की तहरीर के मुताबिक, रास्ते में मौका मिलते ही उसकी सहेली और एक युवक चलती बाइक से कूदकर भागने में सफल रहे। इसके बाद आरोपी पीड़िता और दूसरे युवक को लेकर आगे बढ़ गए। आरोप है कि कुछ दूर जाकर आरोपियों ने युवक को उतार दिया और युवती को गदरपुर क्षेत्र में ले गए।

 

युवती का आरोप है कि वहां तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। रविवार सुबह आरोपियों ने उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़ दिया और फरार हो गए।

 

पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

सूचना मिलने पर पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया और बयान दर्ज किए। घटना के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

 

सीओ विभव सैनी ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button