उत्तराखण्ड

कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, स्थापना दिवस मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़

हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ रविवार सुबह आरती के साथ हो गया। मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू हो गए। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंच रही है।

 

मेले की पूर्व संध्या से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर के बाहर पहुंच गए थे। सुबह से ही लंबी कतारों में श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा के पाठ के बीच श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए उत्साहपूर्वक प्रतीक्षा कर रहे हैं।

 

लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला पुलिस के साथ एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है।

 

सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। इसमें तीन जिलों के एसएसपी और एसपी, सात अपर पुलिस अधीक्षक, चौदह क्षेत्राधिकारी और वायरलेस विभाग के अधिकारी शामिल हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए करीब 1500 से अधिक पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स के जवान ड्यूटी पर तैनात हैं।

 

मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, शटल प्वाइंट और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

 

प्रशासन ने कैंची धाम की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीमताल, भवाली, सैनिटोरियम, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम से नॉन-स्टॉप शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

 

निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के बाद शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचना होगा। इसके अलावा कैंची धाम रूट पर संचालित वाहनों के लिए विशेष येलो स्टीकर व्यवस्था भी लागू की गई है।

 

नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, धैर्य बनाए रखने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि स्थापना दिवस मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button