उत्तराखण्डचारधाम यात्रा

केदारनाथ में इस बार सभा मंडप से होंगे दर्शन, गर्भगृह में प्रवेश पर रोक

रुद्रप्रयाग | प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इस बार श्रद्धालु गर्भगृह के भीतर जाने के बजाय सभा मंडप से ही स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन करेंगे। मंदिर प्रशासन ने भारी भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए यह निर्णय लिया है, ताकि दर्शन व्यवस्था अधिक सुगम और सुव्यवस्थित रह सके।

हर वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। गर्भगृह में प्रवेश के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण घंटों लंबी कतारें लग जाती थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार यात्रा की शुरुआत से ही सभा मंडप से दर्शन की व्यवस्था लागू कर दी गई है।

70 मीटर दायरे में मोबाइल प्रतिबंधित

बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि श्रद्धालुओं के सरल और सुरक्षित दर्शन के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। मंदिर से 70 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। साथ ही फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और रील निर्माण पर भी रोक लगाई गई है।

उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम में गैर-सनातनियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में धाम का पुनर्निर्माण हुआ है तथा “ग्रीन यात्रा” संदेश के तहत स्वच्छता पर विशेष फोकस रहेगा।

टोकन और लॉकर व्यवस्था लागू

मंदिर समिति ने बताया कि दर्शन के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को घंटों लाइन में खड़ा न रहना पड़े। इसके अलावा धाम में लॉकर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जहां यात्री अपने मोबाइल और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित रख सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button