BJP की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, उत्तराखंड के चार नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी

देहरादून। विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नितिन नवीन की अगुवाई में गठित 65 सदस्यीय टीम में कई नए चेहरों को जगह दी गई है। नई टीम में आठ राष्ट्रीय महासचिव, 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 16 राष्ट्रीय सचिव बनाए गए हैं। उत्तराखंड से भी चार नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक और आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह संयोजक नियुक्त किया गया है।
नई टीम में पार्टी ने कई अनुभवी नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। वहीं विनोद तावड़े और सुनील बंसल को राष्ट्रीय महासचिव पद पर बरकरार रखा गया है। बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव संगठन की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
भाजपा ने राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में भी कई बड़े नाम शामिल किए हैं। इसमें उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के अलावा राम माधव, डी. पुरंदेश्वरी, वसुंधरा राजे सिंधिया, बैजयंत जय पांडा और रेखा वर्मा को जगह मिली है। वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और रेखा वर्मा को इस पद पर बरकरार रखा गया है।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा ने विभिन्न राज्यों से 16 राष्ट्रीय सचिवों की भी नियुक्ति की है। इनमें कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नए चेहरों को शामिल किया गया है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को मिली जिम्मेदारियों को आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी संगठन में इन नियुक्तियों के जरिए राज्य से जुड़े नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी भूमिका मिली है।




