उत्तराखण्ड

जौनसार-बावर में पत्नी की हत्या के आरोपी का सामाजिक बहिष्कार, परिवार ने भी मदद से किया इनकार

विकासनगर। देहरादून जिले के कालसी ब्लॉक के कचटा गांव में पत्नी की हत्या के आरोपी पति के खिलाफ खत कोरू के ग्रामीणों ने सख्त फैसला लिया है। खतपट्टी कोरू की खुली बैठक में आरोपी मनोज का सामाजिक बहिष्कार करने और कानूनी कार्रवाई में उसकी मदद करने वालों पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया। बैठक में ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर को कचटा गांव में 24 वर्षीय मनोज पर अपनी 22 वर्षीय पत्नी नीलू उर्फ नीलम की दरांती से गर्दन पर वार कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। अगले दिन ग्रामीणों ने उसे गांव के पास एक छानी से पकड़कर राजस्व पुलिस के हवाले कर दिया। राजस्व पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और मेडिकल कराने के बाद न्यायालय में पेश किया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।

आरोपी परिवार ने सहयोग न करने की बात कही

सोमवार को खत कोरू की खुली बैठक सदर स्याणा सुनील दत्त जोशी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में इस घटना को लेकर कड़ा रुख अपनाया गया। खबर के अनुसार, आरोपी के परिवार के सदस्यों ने मामले में उसकी पैरवी, गवाही या जमानत के लिए सहयोग नहीं करने की बात कही। बैठक में कानून से आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की अपील भी की गई।

मदद करने वालों पर पांच लाख रुपये के जुर्माने का फैसला

बैठक में तय किया गया कि यदि खत कोरू का कोई व्यक्ति या आरोपी के परिवार की ब्याही हुई बेटियां अथवा अन्य रिश्तेदार कानूनी लड़ाई में उसकी मदद करते हैं, तो उन पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और उन्हें खत से बहिष्कृत कर दिया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में यदि आरोपी कानूनी प्रक्रिया के तहत छूट जाता है, तब भी उसे अपने परिवार, गांव और खत में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

खत कोरू के सदर स्याणा सुनील जोशी ने कहा कि कचटा गांव में महिला की हत्या बेहद दुखद घटना है और क्षेत्र के लोग इसकी कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से आरोपी के खिलाफ कड़ा फैसला लिया गया है। उनके अनुसार, हत्या करने वालों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है और आरोपी की मदद करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

खतपट्टी कोरू में आते हैं 17 गांव

बैठक में खतपट्टी के 17 गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। इनमें सदर स्याणा सुनील जोशी, वीरेन्द्र सिंह, माया सिंह, हाकम सिंह, केदार सिंह, बलिया और विक्रम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र में खतपट्टी गांवों के समूह को कहा जाता है। खतपट्टी कोरू में 17 गांव शामिल हैं, जिनमें कचटा भी एक गांव है। यहां पारंपरिक व्यवस्था के तहत किसी बड़े सामाजिक या क्षेत्रीय मामले पर चर्चा के लिए सदर स्याणा के नेतृत्व में बैठक बुलाई जाती है और सामूहिक सहमति से निर्णय लिया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button