ऑनलाइन गेम में 40 हजार हारने के बाद युवक ने खाया जहर, हुई मौत

सुल्तानपुर। ऑनलाइन गेमिंग की लत एक और परिवार पर भारी पड़ गई। सुल्तानपुर क्षेत्र के निहेंदपुर सुठारी गांव निवासी 20 वर्षीय युवक ने ऑनलाइन गेम में रुपये हारने के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शोएब (20) पुत्र जुल्फिकार सुल्तानपुर कस्बे में चप्पल-जूते की दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि उसने दुकान के लिए सामान खरीदने के नाम पर परिवार से करीब 40 हजार रुपये लिए थे, लेकिन वह रकम ऑनलाइन गेम में हार गया। रकम गंवाने के बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।
परिजनों के मुताबिक मंगलवार को तनाव में आकर शोएब ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर देख परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बुधवार को उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि युवक की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।




