76 साल की ‘दादी’ के नेतृत्व में ज्वेलरी शॉप में चोरी करने वाला गैंग गिरफ्तार

देहरादून। डोईवाला में ज्वेलरी शॉप से छह सोने की चेन चोरी करने वाले गैंग का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस गिरोह की खास बात यह रही कि इसका नेतृत्व 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला कर रही थी। पुलिस ने हर्रावाला रेलवे स्टेशन से घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और चोरी की गई सभी चेन बरामद कर ली हैं।
8 मई को हुई थी वारदात
डोईवाला नगर चौक स्थित सर्राफा कारोबारी सुरेंद्र कुमार कक्कड़ की दुकान से 8 मई को छह सोने की चेन गायब हो गई थीं। चोरी गई चेन की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद से पुलिस गिरोह की तलाश में जुटी हुई थी।
‘दादी’ बनती थीं ढाल, बातों में उलझाकर करते थे चोरी
पुलिस के मुताबिक गिरोह महाराष्ट्र से आया था। 76 वर्षीय विमला (निवासी पांडुरंग, रायगढ़, महाराष्ट्र) और वासुदेव नामदेव शिंदे समेत अन्य सदस्य ग्राहक बनकर बड़ी ज्वेलरी दुकानों में प्रवेश करते थे।
विमला खुद को संभ्रांत परिवार की वरिष्ठ महिला की तरह प्रस्तुत करती थीं। वह दुकानदारों से मोलभाव करतीं, कभी-कभी नाराजगी भी जतातीं। उम्र का लिहाज करते हुए दुकानदार उन पर संदेह नहीं करते थे।
इसी दौरान गिरोह के अन्य सदस्य अलग-अलग डिजाइन दिखाने और मोलभाव के बहाने दुकानदार और कर्मचारियों को उलझाए रखते थे। मौका मिलते ही कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया जाता था।
कई दुकानों को बनाया निशाना
कोतवाल कुमल कुमार लुंठी के अनुसार, इससे पहले भी गिरोह ने देहरादून के कई ज्वेलर्स को निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन वहां के व्यापारियों की सतर्कता के कारण वे सफल नहीं हो पाए।
हालांकि डोईवाला में बुजुर्ग सर्राफ सुरेंद्र कुमार कक्कड़ इस चालाकी को समझ नहीं पाए और चोरी का पता उन्हें बाद में चला।
हर्रावाला रेलवे स्टेशन से गिरफ्तारी
वारदात के बाद आरोपी महाराष्ट्र लौटने की फिराक में थे। गुरुवार को जब वे हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, तभी डोईवाला पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सभी छह सोने की चेन बरामद कर ली हैं। कोर्ट में पेशी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह की अन्य वारदातों की भी जांच की जा रही है।




