देहरादून में कथित धर्म परिवर्तन की कोशिश, दो महिलाओं पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में घर-घर जाकर कथित रूप से धर्मांतरण के प्रयास के मामले में दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों महिलाओं को थाने पहुंचाया गया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बसंत विहार पुलिस के अनुसार, वीर सावरकर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष कुलदीप स्वेडिया ने तहरीर दी थी कि कांवली माड़ी क्षेत्र के पास सीतापुरी निवासी बनियावाला और कांवली गांव निवासी सुमित्रा नामक दो महिलाएं पिछले कुछ दिनों से घर-घर जाकर ईसाई धर्म का प्रचार कर रही थीं।
आरोप है कि इस दौरान हिंदू महिलाओं को धर्म परिवर्तन के लिए रुपये का प्रलोभन दिया जा रहा था। साथ ही नौकरी दिलाने और बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का भी आश्वासन दिया जा रहा था।
सूचना मिलने पर स्थानीय युवक ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस से पहले ही स्थानीय लोगों ने दोनों महिलाओं को पकड़कर थाने पहुंचा दिया। पुलिस ने उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता (धर्मांतरण) अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों महिलाएं क्षेत्र में पिछले चार दिनों से सक्रिय थीं और लोगों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही थीं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




