उत्तराखण्ड

मसूरी में नवविवाहिता सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मसूरी: मसूरी के टिपरीधार क्षेत्र स्थित एक होमस्टे में गुरुग्राम की 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27) पत्नी सौम्या श्रीचरण, निवासी पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। दंपति पर्यटन के उद्देश्य से उत्तराखंड आए थे। जानकारी के मुताबिक दोनों 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे और 14 जून की रात मसूरी स्थित कियाना होम स्टे में ठहरे थे।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रात के समय दोनों ने शराब का सेवन किया था। पुलिस को घटनास्थल से दो खाली शराब की बोतलें, खाद्य सामग्री और कुछ संदिग्ध दवाओं के खाली रैपर भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने इंटिमेसी बढ़ाने वाली दवा का भी सेवन किया था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

 

पति सौम्या श्रीचरण ने पुलिस को बताया कि दोनों रात करीब 3:30 बजे सोने चले गए थे। सुबह उठने पर उन्होंने अपनी पत्नी को अचेत अवस्था में पाया। उनके अनुसार मृतका की नाक से रक्त निकल रहा था और शरीर से यूरिन भी निकला हुआ था।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और साक्ष्य संकलन किया।

 

जांच के दौरान महिला कमरे के फर्श पर मृत अवस्था में मिली। वहीं कमरे में कुछ रक्त के निशान भी पाए गए। पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार दोनों का विवाह 8 नवंबर 2025 को हुआ था। पति पुणे स्थित एक आईटी कंपनी में कार्यरत है, जबकि मृतका गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थी। दोनों परिवार मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के निवासी बताए गए हैं।

 

पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल, देहरादून भेजा है और डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

 

फिलहाल पुलिस मामले में पति सहित संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button