उत्तराखण्ड

देहरादून में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का फूंका पुतला; 2 अगस्त से परिवर्तन संकल्प यात्रा के दूसरे चरण का ऐलान

देहरादून: कांग्रेस की महिला इकाई ने बुधवार को देहरादून के एश्ले हॉल चौक पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और महिला कांग्रेस की पदाधिकारी मौजूद रहीं।

 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर महिलाओं के मुद्दों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व की सोच महिलाओं के प्रति संवेदनशील नहीं रही है और महिलाओं के सम्मान तथा अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने हाल के एक विवादित बयान का उल्लेख करते हुए उसकी कड़ी आलोचना की और संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग की।

 

2 अगस्त से शुरू होगा परिवर्तन संकल्प यात्रा का दूसरा चरण

 

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उत्तराखंड में 2 अगस्त से परिवर्तन संकल्प यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत होगी। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के संयोजन में यह यात्रा देहरादून जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित की जाएगी।

 

प्रीतम सिंह ने बताया कि 2 अगस्त को विकासनगर विधानसभा से यात्रा की शुरुआत होगी और शाम को सहसपुर विधानसभा में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 3 अगस्त को कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 4 अगस्त को राजपुर और मसूरी विधानसभा में कार्यक्रम प्रस्तावित है।

 

उन्होंने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हीरा सिंह बिष्ट के निधन के कारण रायपुर और डोईवाला विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित परिवर्तन संकल्प यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

 

युवाओं, रोजगार और कानून व्यवस्था को बनाएगी मुद्दा

 

प्रीतम सिंह ने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, खनन और अन्य जनसरोकारों के मुद्दों पर राज्य सरकार विफल रही है।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस यात्रा के माध्यम से जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को उठाएगी और सरकार को जवाबदेह बनाने का प्रयास करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button