दून युधिष्ठिर पब्लिक स्कूल में करोड़ों की वित्तीय गड़बड़ी! निदेशक दंपति पर FIR

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र स्थित दून युधिष्ठिर पब्लिक स्कूल में करीब 70 लाख रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है। स्कूल के अध्यक्ष युधिष्ठिर कुमार मुंजाल की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल के निदेशक राजीव सिंघल और उनकी पत्नी रमा सिंघल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीमारी के दौरान निदेशक पर लगाया गबन का आरोप
शिकायत के अनुसार, युधिष्ठिर कुमार मुंजाल ने वर्ष 2022 में राजीव सिंघल को स्कूल का निदेशक नियुक्त किया था। इसी दौरान अध्यक्ष गंभीर रूप से बीमार हो गए और चेन्नई व दिल्ली के अस्पतालों में लंबे समय तक उपचार कराते रहे। करीब डेढ़ वर्ष तक स्कूल के वित्तीय और प्रशासनिक कार्यों की निगरानी नहीं कर सके।
रिश्तेदारों को नौकरी देकर लाखों रुपये निकालने का आरोप
अध्यक्ष का आरोप है कि उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर राजीव सिंघल ने अपनी पत्नी समेत कई परिचितों और रिश्तेदारों को स्कूल में नियुक्त कर दिया। इन कर्मचारियों को संस्था के खाते से करीब 57.66 लाख रुपये वेतन के रूप में भुगतान किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि नियुक्ति आदेश, उपस्थिति रजिस्टर और सेवा संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।
फर्जी बिल लगाकर धन निकासी का भी आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निदेशक ने फर्जी बिलों के जरिए भी स्कूल के खाते से रकम निकाली। आरोप है कि 25 अगस्त 2022 को शुभ टेंट डेकोरेटर के नाम 69 हजार रुपये का बिल प्रस्तुत किया गया और इसे जन्मदिन समारोह का खर्च बताया गया, जबकि शिकायतकर्ता की वास्तविक जन्मतिथि अलग है। इसके अलावा धर्मपुर स्थित एक स्टोर के नाम पर घरेलू सामान के बिल भी स्कूल के खर्च के रूप में लगाए गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
पटेल नगर कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि स्कूल अध्यक्ष की शिकायत के आधार पर राजीव सिंघल और रमा सिंघल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




