देहरादून में बदले जाएंगे कई इलाकों और सड़कों के नाम गढ़ी कैंट और क्लेमेंटाउन में प्रस्ताव पारित

देहरादून। शहर में अंग्रेजी शासन की याद दिलाने वाले कई स्थानों और सड़कों के नाम जल्द बदले जा सकते हैं। गढ़ी कैंट बोर्ड की बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुसार प्रमुख सड़कों और विंगों के नाम स्वतंत्रता सेनानियों और सैन्य वीरों के नाम पर रखने का सुझाव दिया गया है। प्रस्ताव को जल्द मध्य कमान भेजा जाएगा। रक्षा मंत्रालय की मंजूरी के बाद नए नाम आधिकारिक रूप से लागू होंगे।
सड़कों के प्रस्तावित नए नाम
मालरोड → द्रोणाचार्य मार्ग
यंग रोड → मेजर सोमनाथ मार्ग
बीचर रोड → मेजर धन सिंह थापा मार्ग
शेक्सपीयर रोड → एन.के. भवानी मार्ग
मैकफेरसन रोड → मेजर धन सिंह थापा मार्ग
मेसीनटायर रोड → मेजर सोमनाथ मार्ग
न्यू कैंट रोड → नाम यथावत रहेगा
विंगों के प्रस्तावित नए नाम
विंग नंबर 1 → लाजपत नगर
विंग नंबर 2 → तिलक नगर
विंग नंबर 3 → भगत नगर
विंग नंबर 4 → अंबेडकर नगर
विंग नंबर 5 → अटल नगर
विंग नंबर 6 → पटेल नगर
विंग नंबर 7 → सरोजनी नगर
स्पेशल विंग → विवेकानंद नगर
जनरल विंग → सोमनाथ नगर
स्मिथनगर → जसवंत नगर
नामित सदस्य विनोद पंवार के अनुसार, बोर्ड से पारित प्रस्ताव मध्य कमान को भेजा जाएगा। रक्षा मंत्रालय की स्वीकृति के बाद नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी होगी।
क्लेमेंटाउन का नाम होगा “शौर्यनगर”
क्लेमेंटाउन कैंट बोर्ड की बैठक में क्षेत्र का नाम बदलकर शौर्यनगर रखने पर सहमति बनी है। प्रस्ताव मध्य कमान को भेज दिया गया है। बैठक में शिवालिक नगर, दून वैली और शौर्य नगर तीन नाम सुझाए गए थे।
नामित सदस्य भूपेंद्र कंडारी ने बताया कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद क्लेमेंटाउन का आधिकारिक नाम शौर्यनगर कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि क्लेमेंटाउन का नाम फादर आर.सी. क्लेमेंट के नाम पर पड़ा था, जो 1934 में यहां बसे थे। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान इस क्षेत्र का उपयोग इतालवी युद्ध बंदियों के शिविर के रूप में किया गया था। 1941 में इसे छावनी बोर्ड के अंतर्गत लाया गया था।




