उत्तराखण्ड

हरिद्वार में वोट बचाओ-देश बचाओ यात्रा के दौरान भिड़े कांग्रेसी नेता, हाथापाई और गाली-गलौज

हरिद्वार। एसआईआर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस समेत विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी क्रम में उत्तराखंड में कांग्रेस की ओर से ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ यात्रा निकाली जा रही है। हरिद्वार में यात्रा के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब कांग्रेस के दो नेता आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच कहासुनी के बाद मामला हाथापाई और गाली-गलौज तक पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस की ओर से हरिद्वार में निकाली जा रही ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ यात्रा के दौरान लालढांग क्षेत्र निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुरजीत लहरी और रुड़की क्षेत्र के कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव करते हुए दोनों नेताओं को अलग कराया। घटना के बाद प्रदर्शन में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच भी मामले को लेकर चर्चा होती रही।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुरजीत लहरी के अनुसार, विवाद की शुरुआत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर की गई टिप्पणी से हुई। उनका कहना है कि जितेंद्र पंवार की टिप्पणी पर उन्होंने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, विवाद के संबंध में दोनों पक्षों का पूरा पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button