उत्तराखण्ड

केदारनाथ यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक महीने में 8 लाख श्रद्धालु पहुंचे

केदारनाथ : केदारनाथ यात्रा को एक माह पूरा हो चुका है और इस दौरान बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड सैलाब उमड़ा है। 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से अब तक 8 लाख से अधिक तीर्थयात्री केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। चारधाम यात्रा में सबसे अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे हैं।

यात्रा के पहले ही दिन 38 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए थे। इसके बाद लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ती रही। 23 मई तक कुल 8,11,923 श्रद्धालु केदारनाथ धाम में दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन का अनुमान है कि जून में स्कूलों की छुट्टियां शुरू होते ही यात्रा में और तेजी आएगी।

प्रशासन, पुलिस और बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) भीड़ नियंत्रण और सुगम दर्शन व्यवस्था को लेकर लगातार तैयारियों में जुटे हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं और आगामी दिनों में संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिसके लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

65 फीसदी युवा श्रद्धालु पहुंचे धाम

अब तक की यात्रा में लगभग 65 प्रतिशत युवा श्रद्धालु शामिल रहे हैं, जबकि 35 प्रतिशत बुजुर्ग और अन्य यात्री रहे। यात्रा मार्ग पर इस बार एक लाख से अधिक वाहन भी केदारघाटी पहुंचे हैं।

यात्रा के दौरान 39 श्रद्धालुओं की मौत

केदारनाथ यात्रा के दौरान ऊंचाई, ऑक्सीजन की कमी और ठंड के कारण कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी है। विभिन्न कारणों से अब तक 39 यात्रियों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन लगातार यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दे रहा है।

बीकेटीसी को 14.50 करोड़ की आय

एक महीने की यात्रा अवधि में बदरी-केदार मंदिर समिति को करीब 14.50 करोड़ रुपये की आय हुई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के लिए मंदिर को दिन में केवल 3 से 4 घंटे ही बंद रखा जा रहा है, बाकी समय दर्शन जारी हैं।

हेलीकॉप्टर सेवा से 30 हजार से अधिक यात्रियों ने की यात्रा

केदारनाथ यात्रा में हेलीकॉप्टर सेवाओं का भी बड़ी संख्या में उपयोग हो रहा है। आठ हेलीकॉप्टर कंपनियों के जरिए अब तक 30,925 श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे हैं, जबकि 30,822 यात्री वापस लौटे हैं। एक माह में कुल 5,362 उड़ानें संचालित की गई हैं।

घोड़े-खच्चरों से 2.44 करोड़ की आय

मुख्य विकास अधिकारी आरएस रावत के अनुसार इस वर्ष यात्रा में 7,744 घोड़े-खच्चर पंजीकृत किए गए हैं। इनके माध्यम से अब तक 2 करोड़ 44 लाख 91 हजार रुपये की आय हो चुकी है। प्रशासन का कहना है कि यात्रा अभी लंबी चलनी है और आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button