दून में लेंसकार्ट शोरूम पर बजरंग दल का हंगामा, ड्रेस कोड विवाद पर दो दिन में माफीनामे की मांग

देहरादून। ड्रेस कोड विवाद के बीच सोमवार को देहरादून में लेंसकार्ट के शोरूम पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। कार्यकर्ता चकराता रोड और एक मॉल स्थित शोरूम में पहुंचकर नारेबाजी करने लगे और कर्मचारियों के माथे पर तिलक लगाकर उनके हाथों में कलावा बांधा। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कंपनी ने कर्मचारियों को माथे पर तिलक और हाथ में कलावा न पहनने का निर्देश जारी किया था। बजरंग दल के प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा ने कहा कि यह आदेश धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से दो दिन के भीतर सार्वजनिक माफीनामा जारी करने की मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि माफीनामा नहीं दिया गया तो देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
विकास वर्मा ने दावा किया कि दून के सभी शोरूम में हिंदू कर्मचारियों को तिलक और कलावा बांधा गया और कर्मचारियों ने इसका समर्थन किया।
दूसरी ओर, कंपनी की ओर से इसे पुराना आदेश बताया गया है और इस पर खेद जताने की बात भी सामने आई है।
इस घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने वायरल वीडियो को री-ट्वीट करते हुए इसे गुंडागर्दी करार दिया और नाराजगी जताई है।
फिलहाल मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




