उत्तराखण्ड

दुर्गम चट्टान से अलकनंदा में उतरा व्यक्ति, तेज बहाव में बहने के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू

कर्णप्रयाग: चमोली जिले के कर्णप्रयाग में अलकनंदा नदी में तैरने के दौरान एक व्यक्ति तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। व्यक्ति के नदी में बहने की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एनडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और उसकी तलाश शुरू कर दी। नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पुलिस को मिली सूचना के अनुसार मंगलवार को पोखरी विकासखंड निवासी सतीश कुमार खाली कर्णप्रयाग नगर में नदी के बीच एक दुर्गम चट्टान पर खड़ा दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह चट्टान से नदी की ओर उतरा और तैरते हुए आगे बढ़ने लगा। इसी दौरान वह अलकनंदा नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। लापता सतीश कुमार खाली की तलाश के लिए एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें नदी में संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चला रही हैं।

परिजनों के अनुसार सतीश कुमार मानसिक रूप से परेशान था और वह अचानक घर से निकल गया था। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस दुर्गम चट्टान पर सतीश दिखाई दिया था, वहां सामान्य रास्ते से पहुंचना बेहद मुश्किल है। लोगों का कहना है कि वहां आसानी से रस्सी के सहारे भी पहुंचना संभव नहीं है। ऐसे में उसके नदी तैरकर चट्टान तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सतीश अच्छा तैराक था। चट्टान पर पहुंचने के बाद वह कुछ समय तक वहां दिखाई देता रहा। इसके बाद उसने अलकनंदा नदी में उतरकर तैरना शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह काफी दूरी तक नदी में तैरता दिखाई दिया, लेकिन आगे नदी का बहाव तेज होने के कारण वह पानी की धारा में बह गया।

हालांकि, सतीश उस दुर्गम चट्टान तक कैसे पहुंचा, इसकी स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस और बचाव दल की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।

कोतवाल विनोद थपलियाल ने बताया कि व्यक्ति के नदी में बहने की सूचना पर पुलिस मय फोर्स मौके पर पहुंची। लापता सतीश कुमार खाली की तलाश के लिए एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button