उत्तराखण्ड

उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक कल, 597 पदाधिकारी होंगे शामिल; 2027 चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन

हल्द्वानी: भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 9 सितंबर को आयोजित होने जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेशभर से कुल 597 पदाधिकारी इसमें शामिल होंगे। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मुताबिक, प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इसमें उत्तराखंड के सभी जिलों और संगठनात्मक इकाइयों से पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात के साथ-साथ विकसित उत्तराखंड के रोडमैप को लेकर भी चर्चा की जाएगी। इसके लिए बैठक में दो अहम प्रस्ताव रखे जाएंगे।

बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति पर भी गहन मंथन होगा। संगठन को चुनावी मोड में लाने, बूथ स्तर तक तैयारियों को मजबूत करने और चुनाव में जीत के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा देने पर चर्चा होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र भी देंगे।

नितिन नवीन बैठक के दौरान युवाओं और खासकर Gen Z से संवाद भी करेंगे। इसके अलावा उनके पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होने का कार्यक्रम है। वहीं रुद्रपुर में आयोजित सिख समाज के सम्मेलन को भी नितिन नवीन संबोधित करेंगे।

भाजपा की इस महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यसमिति बैठक को लेकर संगठन के भीतर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसके साथ ही उत्तराखंड भाजपा में महामंत्री संगठन का पद भी फिलहाल खाली है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी और महामंत्री संगठन की गैरमौजूदगी के बीच होने वाली इस बैठक पर संगठन के भीतर और राजनीतिक हलकों में निगाहें टिकी हैं।

अब बैठक में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर क्या रणनीति तय करती है और संगठन को चुनावी मैदान के लिए किस तरह तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button