उत्तराखण्ड

THDC Tunnel Accident: सीएम धामी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, 3 मजदूरों की तलाश जारी

चमोली: पीपलकोटी के मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मौके पर राहत एवं बचाव अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री धामी टनल के अंदर भी गए और बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और उपलब्ध संसाधनों व तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल करीब तीन किलोमीटर लंबी है। जानकारी के अनुसार टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण अचानक मलबा और पानी भर गया था, जिसके बाद वहां काम कर रहे मजदूर फंस गए।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि टनल में कुल 22 लोग फंसे थे। इनमें से 19 लोगों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन मजदूर अभी भी टनल के अंदर फंसे हुए हैं। उनकी तलाश और सुरक्षित रेस्क्यू के लिए अभियान लगातार जारी है। हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की सूचना है।

मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टनल में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।

रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीम घायलों के उपचार के साथ उनकी लगातार निगरानी कर रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान को पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ संचालित किया जाए और मौके पर किसी भी जरूरी व्यवस्था में कमी नहीं होनी चाहिए।

इस दौरान काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी समेत प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button