स्थायी राजधानी गैरसैंण के लिए आंदोलन तेज, विधानसभा के बाहर सामूहिक मुंडन का ऐलान

देहरादून: उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण को बनाए जाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। स्थायी राजधानी गैरसैंण समिति ने आंदोलन को और व्यापक रूप देने का ऐलान किया है। समिति के मुताबिक, 13 अगस्त को देहरादून विधानसभा के बाहर सामूहिक मुंडन कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद 15 अगस्त से देहरादून से गैरसैंण तक महापदयात्रा निकाली जाएगी।
समिति से जुड़े सदस्य पिछले 100 से अधिक दिनों से एकता विहार स्थित धरना स्थल पर गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। अब समिति ने अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन को निर्णायक दौर में ले जाने की बात कही है।
समिति के मुख्य संयोजक और पूर्व आईएएस विनोद प्रसाद रतूड़ी ने कहा कि 100 दिनों से अधिक समय से चल रहा क्रमिक अनशन आंदोलन की गंभीरता को दर्शाता है। उनका कहना है कि जब तक गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
13 अगस्त को विधानसभा के बाहर सामूहिक मुंडन
समिति के अनुसार, सरकार की कथित वादाखिलाफी के विरोध में 13 अगस्त की सुबह देहरादून विधानसभा के बाहर सामूहिक मुंडन किया जाएगा। इसे गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के संकल्प और सरकार के खिलाफ विरोध के प्रतीक के रूप में किया जाएगा।
इसके बाद स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को विधानसभा के बाहर से देहरादून से गैरसैंण तक महापदयात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।
25 दिन में गैरसैंण पहुंचेगी पदयात्रा
पूर्व आईएएस विनोद प्रसाद रतूड़ी के मुताबिक, महापदयात्रा करीब 25 दिनों में देहरादून से गैरसैंण पहुंचेगी। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर लोगों को आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
समिति का कहना है कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। अब आंदोलनकारी इसे प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी में हैं।




